लाडवा। लाडवा-इंद्री मार्ग पर बड़ौंदी गांव के पास सड़क किनारे खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। खेत मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई, मगर शिनाख्त नहीं होने पर उसे पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी भेज दिया।
जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े सात बजे दविंदर सिंह निवासी बड़ौंदी ने उन्हें सूचना दी कि बड़ौंदी गांव के पास सड़क किनारे खेतों में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौके का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करवाने का प्रयास किया। पुलिस को शव के नजदीक से देसी शराब की बोतल बरामद हुई। व्यक्ति की उम्र करीब 45 साल बताई जा रही है। हालांकि शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अगर शव की शिनाख्त नहीं हुई तो 72 घंटे बाद उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।