पिपली। थाना सदर के अंतर्गत एक गांव में बीती रात गांव के दो युवकों द्वारा घर में घुसकर युवती के साथ छेड़छाड़ व मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों युवकों ने घर पर अकेली युवती के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी युवकों ने लड़की को जातिसूचक शब्द भी कहे और इतना ही नहीं आरोपी युवती का मोबाइल छीन कर ले गए और जाते हुए धमकी दी कि अगर किसी को शिकायत की तो वे मोबाइल में डाटा को वायरल कर देंगे। इस वारदात से लड़की सहमी हुई है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह सोमवार को रात को घर में अकेली थी। देर रात गांव के ही दो युवक घर की चारदीवारी फांद कर घर में घुस आए और उसके कमरे में आ गए। आरोपी युवकों ने आते ही उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने युवकों द्वारा छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपी युवकों ने उसके साथ मारपीट की। उधर थाना सदर प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच महिला पुलिस अधिकारी संतोष को सौंपी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अगर आरोपी युवक दोषी पाए गए तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।