कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम ने राहुल मेंटल मामले के वांछित आरोपी रोहित कुमार को अवैध हथियार की आपूर्ति करने के आरोप में सतोड़ा गांव के रवि कुमार और जींद जिला के पेंगा गांव के गोल्डी को हिरासत में लिया। सोमवार को टीम सेक्टर-10 नया बस अड्डे के पास तैनात थी। उसी समय गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने राहुल मेंटल की हत्या के मामले में वांछित मुख्य आरोपी रोहित कुमार उर्फ दीपू को सेक्टर-10 मार्केट के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद हुए। रोहित के खिलाफ थाना शहर थानेसर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सहायक उप-निरीक्षक प्रवेश कुमार ने उसे हिरासत में लिया। आगे की जांच में बुधवार को टीम ने अवैध हथियार सप्लाई करने वाले रवि कुमार और गोल्डी को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया।