ग्रुप डांस, सोलो डांस, रागनी व स्किट में प्रदेश भर के दो हजार विद्यार्थी जमाएंगे रंग
- मॉडल संस्कृति स्कूल में होगा चार दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव, बनाए गए चार मंच
- लोक कलाकार भी बांधेंगे समां, आज से शुरू होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शिक्षा विभाग की ओर से राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया जाएगा। एक से चार दिसबंर तक होने वाले इस उत्सव में चार विधाओं में प्रदेश के 22 जिलों के दो हजार विद्यार्थी अपनी कला से रंग जमाएंगे। इस आयोजन की तैयारी के लिए राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल का प्रांगण हरियाणवी रंग में रंग गया है तथा चारों ओर हरियाणा के ग्रामीण जीवन की झलक दिखाई दे रही है।
वीरवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने उत्सव के लिए गठित टीमों की बैठक लेकर तैयारियां की समीक्षा की तथा सभी प्रबंधों को अंतिम रूप दिया गया। निदेशालय से सहायक निदेशक राजीव वत्स, कार्यक्रम अधिकारी अमनप्रीत कौर व पूनम अहलावत ने भी कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सांस्कृतिक उत्सव में ग्रुप डांस, सोलो डांस, रागनी व स्किट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। सभी प्रतियोगिताएं दो वर्गों में संपन्न होगी। पहले वर्ग में कक्षा पांच से आठ तथा दूसरे वर्ग में कक्षा नौ से 12 के विद्यार्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए विद्यालय परिसर में चार मंच बनाए गए हैं। केशव सभागार के मुख्य मंच पर उद्घाटन व समापन समारोह के साथ-साथ हरियाणवी ग्रुप डांस की स्पर्धा आयोजित की जाएगी जबकि एकल नृत्य के लिए खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में मंच बनाया गया है। विद्यालय के खेल मैदान में स्किट प्रतियोगिता के लिए विशाल मंच बनाया गया है। वहीं रागनी कंपटीशन स्कूल के स्थायी मंच पर आयोजित की जाएगी। सभी प्रतिभागियों के रहने की व्यवस्था चार विद्यालयों में की गई है।
कौशिक ने कहा कि यह एक भव्य आयोजन होगा जिसे प्रतिभागियों के लिए यादगार अनुभव बनाने की जिम्मेदारी विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की है। व्यवस्था में तैनात सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वाह करें तथा बदलते मौसम के अनुसार विद्यार्थियों को हर सम्भव सुविधा उपलब्ध करवाएं।
सास्कृतिक कुंभ के रूप में दिखेगा उत्सव
अधिकारियों की मानें तो यह एक सांस्कृतिक कुंभ है और प्रदेश की संस्कृति के हर पहलू को उजागर किया जाएगा।
प्रतियोगिता के लिए राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल का प्रांगण पूरी तरह हरियाणवी रंग में रंगा नजर आ रहा है। प्रदेश के ग्रामीण परिवेश को दर्शाती अनेक झांकियां बनाई गई हैं तो विभाग के अध्यापकों ने हरियाणा की लोक संस्कृति व लोक जीवन को दर्शाती अनेक कृतियां प्रदर्शित की हैं। भगवत गीता के संदेश को दर्शाती सुदर्शन चक्र की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कुरुक्षेत्र।राज्य स्तरीय कल्चर फेस्टिवल की तैयारी करती शिक्षिकाएं।