कुरुक्षेत्र। मालदीव के होटल में कमरा दिलाने के नाम पर 2,08,634 रुपये की धोखाधड़ी केे आरोप में पुलिस ने एक फर्म के कर्मी महिला सहित दो के खिलाफ मामला दर्ज किया।
साइबर सेल में दर्ज शिकायत में धर्मपाल मेहता निवासी सेक्टर-सात ने बताया कि उसका बेटा मनु व पुत्रवधू गर्विता मालदीव घूमने जाना चाहते थे। तब 10 जुलाई 2022 को उसके बेटे ने मालदीव में चार दिन के लिए होटल बुक करने के लिए एक फर्म के कर्मी आयुष वर्मा से संपर्क किया था। बात तय होने पर उसके बेटे ने 18 जुलाई को एक लाख 73 हजार 984 रुपये और 22 जुलाई को 34,650 फर्म के खाते में डाले थे। इस पर फर्म ने उसके बेटे के नाम बिल भी जारी करके बिल में होटल का नाम भी दर्ज किया था। होटल में भी बातचीत होने पर बुकिंग पक्की पाई गई थी, लेकिन 26 नवंबर को वे लोग उस होटल में गए तो उन्हें वह कमरा नहीं दिया गया। बातचीत में पता चला कि फर्म ने 25 अक्तूबर को उनकी बुकिंग रद्द करा दी थी। फर्म के कर्मी आयुष से बातचीत की तो आरोपी टालमटोल करता रहा। आरोपी से उन्होंने अपने पैसे मांगे तो पैसे भी नहीं लौटाए। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आयुष वर्मा और पीयुषी जोशी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।