कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने 400 ग्राम अफीम व साढ़े पांच किलो चूरा पोस्त के साथ ट्रक चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। अदालत के आदेश आरोपी अजय शर्मा उर्फ नीटू निवासी प्लास को आठ दिन के रिमांड पर तथा रणधीर सिंह निवासी चडौल जिला बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) को कारागार भेज दिया।
एएनसी प्रभारी निरीक्षक मनदीप सिंह ने बताया कि कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर गांव मुर्तजापुर में गश्त करते हुए टीम को सूचना मिली कि अजय शर्मा उर्फ नीटू व रणधीर सिंह अपने ट्रक में मंडी गोबिंदगढ़ पंजाब से लोहा लेकर सोलापुर (महाराष्ट्र)जाते हैं। वापस आते हुए सामान के साथ अफीम व चूरापोस्त लेकर आते हैं। आज भी ट्रक में अफीम व चूरापोस्त लेकर आ रहे हैं। सूचना पर टीम ने नेशनल हाईवे 152 डी पर गांव मुर्तजापुर पुल के नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम ने एक ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की तथा ट्रक की तलाशी ली। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 400 ग्राम अफीम व साढ़े पांच किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर पिहोवा में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया।