कुरुक्षेत्र। ट्रक में सामान के बीच डोडा, चूरापोस्त छिपाकर पंजाब जा रहे चालक सहित दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। एंटी नारकोटिक्स सेल ने आरोपी चालक जसबीर सिंह निवासी सेहों माजरा व विमलजीत सिंह उर्फ विमल निवासी भोलो कालेवाली जिला रोपड़ पंजाब के कब्जे से 65 किलोग्राम डोडा, चूरापोस्त बरामद किया।
एएनसी प्रभारी मनदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम एनएच-44 पर शाहाबाद के लाडवा चौक के नजदीक गश्त कर रही थी। तभी टीम को सूचना मिली कि जसपाल सिंह व विमलजीत सिंह बिहार व झारखंड से नशीला पदार्थ खरीदकर पंजाब सप्लाई करते हैं। आज भी आरोपी डोडा, चूरापोस्त लेकर शाहाबाद से पंजाब जाएंगे। सूचना पर पुलिस ने खानपुर जट्टान कट के पास बने लोहा पुल के पास नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद टीम को मिली सूचना के अनुसार ट्रक आता दिखाई दिया। टीम ने ट्रक को रुकवाकर चालक व क्लीनर को काबू कर ट्रक की तलाशी ली। तलाशी लेने पर पुलिस को ट्रक से 65 किलो डोडा, चूरापोस्त बरामद किया। आरोपी जसपाल सिंह व विमलजीत के खिलाफ थाना शाहाबाद में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से विमलजीत सिंह को कारागार भेजकर ट्रक चालक जसपाल सिंह को 13 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
1200 कट्टे के बीच में मिले तीन कट्टे
आरोपी एल्यूमिनियम क्लोराइड के 1200 कट्टे ट्रक में लेकर आ रहे थे। इनके बीच में ही आरोपियों ने नशीले पदार्थ के तीन कट्टे छिपा रखे थे। इनमें से टीम ने दो कट्टे के बीच से 22-22 किलो और तीसरे से 21 किलो डोडा, चूरापोस्त बरामद किया।