संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने एक व्यक्ति को 130 नशे की गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी नमीश कुमार उर्फ गोपी निवासी दुनिया माजरा की निशानदेही पर टीम ने नशे की गोलियों की तस्करी करने वाले झोलाछाप डॉक्टर को भी पकड़ा है।
एनसीबी प्रभारी सुखपाल सिंह ने बताया कि उनकी टीम दुनिया माजरा गांव के नजदीक गोगपुर रोड पर गश्त कर रही थी तभी टीम को सूचना मिली कि गोपी नशे की दवाइयां बेचने का धंधा करता है। वह नशे की दवाइयां बेचने के लिए अपने गांव से अजमतपुर की तरफ आएगा। सूचना पाकर टीम ने सलपानी चौक गोगपुर मोड़ पर पहुंचकर एक व्यक्ति को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13 पत्ते नशे की गोलियां एलप्राजोल (130 गोलियां) बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना झांसा में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह दवा उसने डॉक्टर सतबीर निवासी दुनिया माजरा से थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने डॉक्टर को भी गिरफ्तार कर लिया।