इस्माईलाबाद। पूर्व सरपंच पर हमला कर चोट मारने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुरेश निवासी चनाहेड़ी व राजेश कुमार निवासी इस्माईलाबाद के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते साथियों के साथ पूर्व सरपंच पर हमला किया था।
संजीव कुमार उर्फ सोनू निवासी पंजाबी मोहल्ला ने इस्माईलाबाद थाने में 16 मार्च को दी शिकायत में बताया था कि वह इस्माईलाबाद गांव का भूतपूर्व सरपंच है। उसने इस्माईलाबाद में एसबीआई बैंक के सामने दो दुकानें खरीदी थी। इन दुकानों को राजेश व मुकेश भी खरीदना चाहते थे। इन दुकानों खरीदने के बाद आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे। 16 मार्च को शाम को वह बाइक पर अपने घर जा रहा था। थांदड़ा रोड पर पेट्रोल पंप से थोड़ा आगे पीछे से आई एक गाड़ी के चालक ने बाइक के सामने आकर उसका रास्ता रोक दिया। इसके बाद गाड़ी से उतरे मुकेश, प्रशांत तथा सुरेश ने अपने अन्य साथियों के साथ उस पर डंडे-बिंडों से हमला कर उसे जख्मी कर दिया था। शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच के बाद आरोपी सुरेश व राजेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।