कुरुक्षेत्र। एक महीना पहले ऑटो यूनियन के प्रधान के कार्यालय में तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अमित यादव व शिवम उर्फ गोरखा निवासी ज्योतिसर के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो डंडे बरामद हुए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी उसके कार्यालय से 1.35 लाख रुपये भी छीनकर फरार हो गए।
थाना केयूके में 13 जून को दर्ज शिकायत में प्रवीन उर्फ काली निवासी थानेसर ने बताया था कि वह ऑटो चालक यूनियन ब्रह्मसरोवर का प्रधान है। एक जून को अमन कमालपुरिया ने उससे एक लाख रुपये व यूनियन से 10 हजार रुपये हफ्ता देने के लिए धमकाया था। उसके इनकार करने के बाद 12 जून को आरोपी साहिल बैंस, अमन व शिवम गोरखा अपने करीब 50 साथियों के साथ छह गाड़ियों में उसके वाल्मीकि आश्रम की दुकान में बने कार्यालय में घुस गए थे। यहां कार्यालय में मौजूद उसके साथी नरेंद्र के कान पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी थी। वह मौके पर नहीं पहुंचा तो आरोपियों ने उसके कार्यालय में तोड़फोड़ कर 1.35 लाख रुपये लेकर फरार हो गए थे। शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच करते हुए अमित यादव व शिवम उर्फ गोरखा को गिरफ्तार कर लिया।