कुरुक्षेत्र। सात दिन पहले रेलवे रोड पर दुकान का ताला तोड़कर सामान और बाइक चुराने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुमित उर्फ गोलू उर्फ सुक्खा निवासी बंजारा कॉलोनी ढांड जिला कैथल व जुम्मा निवासी शोरगिर बस्ती के कब्जे से चोरीशुदा सामान व बाइक बरामद हुई।
थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में गौरव शर्मा निवासी बीड़ अमीन ने बताया था कि उसकी रेलवे रोड पर मोबाइल की दुकान है। 24 मार्च को वह अपनी बाइक को दुकान के अंदर खड़ी करके घर चला गया था। अगली सुबह वह दुकान पर आया तो दुकान के शटर के ताले टूटे हुए थे। दुकान के गल्ले से करीब आठ हजार रुपये, 45 स्मार्ट वाच तथा उसकी बाइक चोरी हो गई थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीआईए-एक ने करते आरोपी सुमित व जुम्मा को गिरफ्तार कर निशानदेही पर चोरीशुदा सामान व बाइक बरामद की। अदालत के आदेश से दोनों आरोपी कारागार भेज दिए गए।