कुरुक्षेत्र। 10 दिन पहले बंद घर से सामान व दुकान से पैसे चुराने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपये नकदी बरामद हुई। वहीं पूछताछ में आरोपियों ने चोरी अन्य दो वारदात का भी खुलासा किया। इसमें में आरोपियों से दो हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। आरोपी सोमपाल उर्फ कल्लू निवासी इंद्रा कॉलोनी शोरगिर बस्ती व पप्पी निवासी गांधी नगर को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।
थाना कृष्णा गेट में 28 फरवरी को दर्ज शिकायत में भूपेंद्र सिंह निवासी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर ने बताया था कि उसकी भांजी स्वाति परिवार सहित ऑस्ट्रेलिया गए हुए हैं। उनका मॉडल टाउन स्थित घर करीब छह महीने से बंद पड़ा है। वह उनके घर गया तो दरवाजा टूटा हुआ था। जांच से पता चला कि घर से टुल्लू पंप व इन्वर्टर की बैटरी चोरी हो गई थी। मामला दर्ज करके जांच सीआईए-दो को दी गई थी। इस टीम ने जांच करते हुए आरोपी सोमपाल व पप्पी को गिरफ्तार करके कब्जे से 10 हजार रुपये बरामद किए।
सीआईए-दो के प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि फरवरी में शाहाबाद क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक शाखा नलवी में लगे जनरेटर की बैटरी भी चोरी की थी। इस मामले में आरोपियों से दो हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। वहीं सात मार्च को दर्रा खेड़ा में बीड़ी-सिगरेट की होलसेल की दुकान से 25 हजार रुपये चोरी किए थे। कब्जे से 650 रुपये सिगरेट की 19 डिब्बी बरामद करके आरोपियों को कारागार भेज दिया।