कुरुक्षेत्र। सीआईए-एक ने देवीलाल पार्क के नजदीक के राजस्थान मूल के दो युवकों को लाखों रुपये के नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी प्रकाश जाट निवासी चालकना व मनोहर सिंह निवासी बिजराड जिला बाड़मेर (राजस्थान) के कब्जे से दो किलो 390 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास भी किया।
सीआईए-एक के प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि पिपली चौक पर गश्त करते हुए टीम को सूचना मिली कि देवीलाल पार्क में दो युवक घूम रहे हैं, जिनके पास काफी मात्रा में अफीम है। सूचना पर टीम देवीलाल पार्क के दक्षिणी गेट के पास पहुंची। टीम को देखकर उन युवकों ने भागने का प्रयास किया, मगर टीम ने उनको काबू करके तलाशी ली। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो किलो 390 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी मनोहर सिंह को कारागार भेजा गया है जबकि प्रकाश जाट को छह दिन के रिमांड पर लिया है।