कुरुक्षेत्र। नौ महीने पहले मोबाइल बेचने का झांसा देकर साढ़े 44 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी आफताब खान व इम्तियाज दीनदार खान निवासी रेस्ट हाउस रोड नूंह के कब्जे से 44 हजार रुपये बरामद हुए। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को 91 हजार रुपये प्रति मोबाइल की दर से 100 मोबाइल बेचने का आश्वासन दिया था।
थाना शहर थानेसर में 10 अक्तूबर को दर्ज शिकायत में रोहित निवासी कैलाश नगर ने बताया था कि वह मोबाइल बेचने का काम करता है। जुलाई 2021 में आफताब खान व इम्तियाज दीनदार खान उसके घर आए थे। उन्होंने उसे चार एप्पल कंपनी के मोबाइल दिखाए थे। उसने मौके पर ही वह मोबाइल उनसे खरीद लिए थे। उसके बाद उन्होंने बताया कि उनका बहुत बड़ा काम है। उनके पास विदेश से ही मोबाइल आते हैं। इस पर उनकी 91 हजार रुपये प्रति मोबाइल की दर से 100 मोबाइल की डील तय हो गई थी। विश्वास करके उसने साढ़े 44 लाख रुपये आरोपियों को एडवांस दे दिए थे, मगर रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उसे मोबाइल नहीं दिए थे। रुपये वापस मांगने पर आरोपी धमकी देने लगे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी आफताब और इम्तियाज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आफताब से 20 हजार रुपये और इम्तियाज से 24 हजार रुपये बरामद हुए। अदालत के आदेश से आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।