कुरुक्षेत्र। जीटी रोड पर सेक्टर-दो-तीन पुल के पास एक कैंटर चालक ने ट्रक को पीछे टक्कर मार दी। इस हादसे में टायर बदल रहा चालक ट्रक के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त जीत सिंह (69) निवासी ग्वार जिला शाहजहांपुर (यूपी) के रूप में हुई।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में कुलविंद्र सिंह निवासी घमूरखेड़ी ने बताया कि वीरवार रात करीब सवा 12 बजे उसके रिश्तेदार जीत सिंह ने उसे फोन कर बताया कि जीटी रोड पर सेक्टर-दो-तीन के पुल से थोड़ा आगे उसके ट्रक के अगले पहिए का पंचर हो गया है। उसकी स्टेपनी में भी पंचर है और उसे कोई पंचर लगाने वाला नहीं मिल रहा है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा। जीत सिंह ने उसे बताया कि वह अपने ट्रक में लकड़ी लादकर सीतापुर (यूपी) से होशियारपुर (पंजाब) के लिए जा रहा था। उसके आने के बाद जीत सिंह ट्रक का पहिया खोलने लगा और वह ट्रक की साइड में खड़ा होकर करनाल की तरफ से आने वाले वाहनों को बैटरी दिखाकर साइड से जान का इशारा कर रहा था। इस दौरान करनाल की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर चालक ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद जीत सिंह का ट्रक कैंटर संग घसीटता हुआ कुछ दूरी तक चला गया। इस दौरान जीत सिंह ट्रक के नीचे दब गया। उसने उसे किसी तरह से ट्रक के नीचे से निकालकर एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी कैंटर चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ केस दर्ज करके शव काे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।