कुरुक्षेत्र। जंधेड़ा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की शिनाख्त नीटू 24 निवासी जंधेड़ा के रूप में हुई। नीटू पानीपत में ट्रक पर ड्राइवरी करता था। एक साल पहले उसकी शादी हुई थी ।
मदन लाल निवासी जंधेड़ा ने बताया कि उसका छोटा बेटा ट्रक चलाता था। वह महीने-दो महीने में ही घर वापस आता था। पिछले साल अक्तूबर में उसकी शादी बन गांव की रहने वाली युवती के साथ हुई थी। उसकी पुत्रवधू डेढ़-दो महीने से अपने मायके गई हुई है। शादी से पहले उसके बेटे की एक युवती के साथ पहचान थी। इसका पता चलने पर युवती के परिजनों ने शिकायत की थी, जिस पर उनका युवती के परिजनों के साथ समझौता हो गया था। दिन में युवती का भाई अपने दो साथियों के साथ उसके घर आया था। उसने नीटू पर उसकी बहन को मोबाइल से मैसेज करने का आरोप लगाया था। बुधवार रात करीब 12 बजे उसका बेटा घर आया था, तब उसने नीटू से युवती को मैसेज करने की बात पूछी थी। नीटू ने उस युवती को मैसेज करने से मना कर दिया था। उसके बाद नीटू खाना खाकर अपने कमरे में सो गया था। वे भी अपने-अपने कमरे में जाकर सो गए थे। सुबह करीब छह बजे उसने नीटू को उसके कमरे में देखा तो वह नहीं था। उसने घर के स्टोर में जाकर देखा तो नीटू का शव फंदे पर लटका हुआ था। उसने छत के कुंडे पर रस्सी के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने मामले की सूचना सरपंच और पुलिस को दी। थाना लाडवा पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। उधर, जांच अधिकारी एसआई बलबीर सिंह ने बताया कि नीटू से किसी बात पर अनबन के कारण उसी पत्नी अपने मायके गई हुई थी। परिजनों ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है। पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज की है।