पिपली। एंटी नारकोटिक सेल ने 15 किलो चूरा पोस्त के साथ एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अमरजीत सिंह निवासी ढैपई जिला लुधियाना पंजाब अपने ट्रक में बिहार से नशीला पदार्थ छिपाकर लाया था। उधर, टीम ने दो दिन पहले 60 किलो डोडा/चूरापोस्त के मामले में फरार दूसरे आरोपी सैंटी निवासी मुल्लापुर जिला लुधियाना को भी दबोच लिया।
एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम पिपली चौक के पास गश्त पर थी। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि अमरजीत सिंह अपने ट्रक में सामान लेकर कोलकाता, झारखंड और बिहार जाता है। वापस आते हुए वह झारखंड व बिहार से चूरापोस्त लाकर बेचता है। आज भी वह अपने ट्रक में चूरापोस्त छिपाकर पंजाब की ओर जाएगा। सूचना पर टीम ने जीटी रोड पर पिपली फ्लाईओवर पर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद टीम को मिली सूचना अनुसार ट्रक आता दिखाई दिया तो ट्रक रुकवा कर चालक से पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। ट्रक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना सदर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य मामले में फरार आरोपी पकड़ा
सुरेंद्र पाल ने बताया कि 20 जून को उनकी टीम ने जीटी रोड पर मसाना गांव के निकट से ट्रक चालक तेजिंद्र सिंह निवासी अकालगढ़ पंजाब को 60 किलाे डोडा/चूरा पोस्त के साथ पकड़ा था, जबकि मामले का दूसरा आरोपी सैंटी भागने में कामयाब हो गया था। उनकी टीम ने मामले के दूसरे आरोपी सैंटी को भी गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी अमरजीत सिंह को 10 दिन और सैंटी को नौ दिन के रिमांड पर लिया है।