कुरुक्षेत्र। सीआईए-एक ने दो किलो 900 ग्राम चूरा पोस्त के साथ एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी विजय सिंह निवासी लोहारा राजस्थान से नशीला पदार्थ लेकर आया था।
सीआईए-एक के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम ठोल बस अड्डा के पास गश्त कर रही थी। तभी पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि ट्रक चालक विजय सिंह अपने ट्रक में राजस्थान से चूरा पोस्त लेकर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने अंबाला-हिसार रोड पर इस्माईलाबाद इलाके में एक ढाबे के पास नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद पुलिस टीम को मिली सूचना अनुसार ट्रक को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। ट्रक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2900 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना इस्माईलाबाद में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।