संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के सानिध्य में गीता ज्ञान संस्थान में जीओ गीता युवा चेतना और श्री कृष्ण कृपा परिवार की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। गीता मनीषी ने कहा कि तिरंगा भारत का गौरव है। देश की आन बान और शान है। इस तिरंगे के सम्मान के लिए देश के स्वाधीनता आंदोलन में स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राण न्योछावर किए लेकिन तिरंगे की आन पर आंच नहीं आने दी।
यात्रा में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, कुरुक्षेत्र सीएमओ डॉ. सुखबीर सिंह, युवा भाजपा नेता राहुल राणा ने विशेष रूप से भाग लिया। हाथों में तिरंगा उठाए भारत माता की जय करते हुए तिरंगा यात्रा संस्थान से बीआर चौक तक गई और वापस गीता ज्ञान संस्थान में आकर संपन्न हुई। इस दौरान वंदे मातरम और भारत माता की जय से वातावरण गूंज उठा। राष्ट्रगान के साथ तिरंगा यात्रा संपन्न हुई।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि तिरंगे का सम्मान भारत के गौरव और भारत की परंपराओं का सम्मान है। तिरंगे का सम्मान राष्ट्र का सम्मान है और उन स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। हर घर तिरंगा मुहिम देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर चलाई गई है। तीन दिन तक प्रत्येक भारतवासी को अपने निवास और संस्थान पर तिरंगा लगाना चाहिए। इस मौके पर प्रधान हंसराज सिंगला, सुनील वत्स, राजेंद्र चोपड़ा, मनीष सिंधवानी, पवन भारद्वाज, रविंद्र कुमार, साहब सिंह, अशोक अरोड़ा, मनीष, राजेंद्र सिंह, अतुल कौशिक, साहिल, नवीन भारद्वाज, भारत, बलजिंदर सिंह, प्रिंस, रोबिन आदि मौजूद रहे।