कुरुक्षेत्र। श्रद्धांजलि अर्पित करने के दौरान रोष जताते मंच सदस्य। स्वयं
कुरुक्षेत्र। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के 129वें जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को जन संघर्ष मंच हरियाणा की ओर से थानेसर स्थित सुभाष पार्क (शेख चिल्ली मकबरा के समीप) में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान नेताजी के विचारों को आज के हालात से जोड़ते हुए सांप्रदायिक राजनीति, बेरोजगारी, महंगाई और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की गई। मंच की प्रांतीय महासचिव सुदेश कुमारी ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र पर लगातार हमले हो रहे हैं और जनता को धर्म व जाति के नाम पर बांटकर कमजोर किया जा रहा है। वरिष्ठ नेता ऊषा कुमारी और छात्र संगठन एसओएसडी की संयोजिका कविता विद्रोही ने कहा कि हरियाणा सहित पूरे देश में बेरोजगारी भयावह रूप ले चुकी है। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में मनमाने नियम बनाकर योग्य युवाओं को नौकरी से बाहर किया जा रहा है जिसके विरोध में अभ्यर्थी पंचकूला में धरना दे रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि नई शिक्षा नीति के जरिये अवैज्ञानिक और रूढ़िवादी सोच को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि सरकारी स्कूलों को मर्जर के नाम पर बंद किया जा रहा है। मनरेगा मजदूरों, निर्माण श्रमिकों और प्रवासी कामगारों की हालत बेहद खराब है। चार लेबर कोड लागू कर मजदूरों के संघर्ष से हासिल अधिकार छीने जा रहे हैं। इस मौके पर करनैल सिंह, नरेश कुमार, सोमनाथ, सतीश, वंदना, सीमा, रामपाल सहित अन्य सदस्यों ने सरकार के प्रति विरोध जताया और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कुरुक्षेत्र। श्रद्धांजलि अर्पित करने के दौरान रोष जताते मंच सदस्य। स्वयं