कुरुक्षेत्र। एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पर 600 बैग बेसिक क्रोमियम सल्फेट गबन करने का आरोप लगाते हुए थाना बाबैन में कंपनी मालिक ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता मैसर्स गुरसिमरन फ्रेट कैरियर एलएलपी ने आरोप लगाया कि उन्होंने खैरी गांव में स्थित सीएस इंडस्ट्री से 600 बैग माल बुक किया था, जिसे कानपुर पहुंचाना था लेकिन ट्रांसपोर्टर माल लेकर भाग गया। शिकायतकर्ता अमरजीत सिंह के अनुसार 25 मार्च कृष्णा ट्रांसपोर्ट से गाड़ी ली थी। उसी दिन सीएस इंडस्ट्री से गाड़ी में 600 बैग लोड कराए गए। माल 29 मार्च तक कानपुर पहुंचना था। समय पर माल न पहुंचने पर चालक और ट्रांसपोर्ट मालिक बाबू राम से बार-बार संपर्क किया गया। दोनों ने आश्वासन दिया कि माल पहुंचा दिया जाएगा लेकिन 6 अप्रैल तक माल नहीं पहुंचा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ट्रांसपोर्टर ने माल का गबन कर लिया है। अमरजीत सिंह ने थाना बाबैन में लिखित शिकायत दी है जिसमें उचित कार्रवाई कर माल बरामद करने की मांग की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।