कुरुक्षेत्र। जिलेभर की छह राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न ट्रेड के लिए चौथे राउंड की दाखिला प्रक्रिया के तहत फीस जमा कराने का अंतिम दिन आज है। फीस न भरने पर दाखिला अस्वीकृत माना जाएगा और आठ अगस्त को रिक्त सीटों की सूची फिर से जारी की जाएगी। जिसमें विद्यार्थियों 13 अगस्त तक रिक्त सीटों पर आवेदन कर सकेंगे। ये दाखिले ऑन द स्पाट मेधा सूची जारी कर रैंक कार्ड के आधार पर दाखिले किए जाएंगे। चार राउंड की दाखिला प्रक्रिया में जिलेभर की आईटीआई की उपलब्ध सीटों में से 65 प्रतिशत सीटें ही भर पाई हैं। हालांकि कई ट्रेड में उपलब्ध सीटों से चार से पांच गुना ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए थे, लेकिन आवेदन के मुताबिक दाखिला की संख्या बहुत कम है।
जिले के छह राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में विभिन्न कोर्सों की 1412 सीटों पर 6050 आवेदन प्राप्त हुए हैं, लेकिन दाखिला 60 से 65 प्रतिशत सीटों पर ही हुए हैं। इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में विद्यार्थियों का अधिक रुझान देखने को मिल रहा है। इन कोर्सेज में 85 प्रतिशत दाखिले हो चुके हैं। दूसरे सभी कोर्सेज में प्रत्येक आईटीआई में 35 से 40 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं।आईटीआई कुरुक्षेत्र के प्राचार्य जगमोहन का कहना है कि चौथी मेरिट सूची में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को छह अगस्त तक फीस जमा करानी होगी अन्यथा दाखिला अस्वीकृत माना जाएगा। उसके बाद 23 अगस्त तक ओपन काउंसलिंग की जाएगी, जिसमें विद्यार्थियों को फिर से आवेदन का मौका मिलेगा। उनका कहना है कि ओपन काउंसलिंग में ज्यादा विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं। ऐसे में दाखिला की संख्या में वृद्धि होगी।