कुरुक्षेत्र। थानेसर विधानसभा क्षेत्र के आठ गांवों को शनिवार को 14 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। राज्यमंत्री सुभाष सुधा इन गांवों में पहुंचेंगे, जहां विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया जाएगा। इनमें चौपाल निर्माण व मरम्मत से लेकर अन्य कार्य भी शामिल है। राज्यमंत्री इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनेंगे। राज्य मंत्री सुभाष सुधा के मुताबिक प्रदेश सरकार ने पिछले 10 सालों में पंचायत विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग और हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड की तरफ से पानी के पाइपलाइन, ट्यूबवेल, लिंक रोड का नवीनीकरण, विशेष मरम्मत, खरीद केंद्रों की विशेष मरम्मत सहित गांव के सामुदायिक केंद्रों और चौपालों के निर्माण के साथ-साथ अन्य कार्यों पर करीब 59 करोड़ की राशि खर्च की जा चुकी है।
वे 27 जुलाई को सुबह नौ बजे गांव फतुहपुर के सामुदायिक केंद्र, सुबह 10 बजे गांव अभिमन्युपुर की ब्राह्मण धर्मशाला, सुबह 11 बजे बीड अमीन के आंबेडकर भवन, दोपहर 12 बजे तिगरी खालसा के सामुदायिक केंद्र, दोपहर एक बजे गांव कुंवार खेड़ी की जोगी धर्मशाला, सायं तीन बजे गांव किरमच की कश्यप धर्मशाला सांय चार बजे गांव हथीरा की हरिजन चौपाल और सायं पांच बजे गांव बारना के बॉलीवाॅल खेल प्रांगण में लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा। इस दौरान इन गांवों में करीब 14 करोड़ रुपये की छोटी और बड़ी परियोजनाओं की सौगात भी दी जाएगी।
आठ गांवों के विकास पर पंचायत विभाग ने 10 सालों में खर्च किया 33 करोड़ 59 लाख राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि कुंवार खेडी में पिछले 10 सालों में एक करोड़ 29 लाख दो हजार 801, तिगरी खालसा में दो करोड़ 15 लाख, गांव अमीन में नौ करोड़ 77 लाख, गांव बारना में पांच करोड़ 20 लाख, गांव किरमच में छह करोड़ 70 लाख, गांव हथीरा में तीन करोड़ 77 लाख, गांव फतुहपुर में एक करोड़ 96 लाख, गांव बीड अमीन में दो करोड़ 75 लाख के विकास कार्य पंचायत विभाग की तरफ से करवाए गए है।
पीने की पाइपलाइन और ट्यूबवैल लगाने पर जनस्वास्थ्य विभाग ने छह करोड़ 33 लाख रुपये का बजट खर्च किया। राज्यमंत्री ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से पिछले 10 सालों में गांव अमीन में 90 लाख 25 हजार की लागत से पाइप लाइन डालने का काम किया, 47 लाख 19 हजार की लागत से ट्यूबवैल लगवाए गए, गांव बीड अमीन में 32 लाख 62 हजार की लागत से पाइपलाइन, गांव बारना में दो करोड़ एक लाख से पाइपलाइन को बदला गया तथा बारना में ही 28 लाख 75 हजार की लागत से ट्यूबवैल लगवाए गए। हथीरा गांव में 53 लाख 34 हजार की लागत से पाइपलाइन का कार्य और 23 लाख 11 हजार की लागत से ट्यूबवैल लगवाए गए। राज्यमंत्री ने कहा कि गांव किरमच में जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से 63 लाख 73 हजार की लागत से पाइप लाइन, 16 लाख 58 हजार की लागत से ट्यूबवैल लगाने का कार्य करवाया गया। गांव फतुहपुर में 21 लाख 47 हजार से पाइप लाइन, गांव कुंवार खेडी में 26 लाख 86 हजार की लागत से पाइप लाइन, गांव तिगरी खालसा में 29 लाख 86 हजार की लागत से पाइप लाइन डालने पर खर्च किया गया। वहीं सड़कों के नवीनीकरण, विशेष मरम्मत और खरीद केंद्र की मरम्मत पर खर्च हुआ 18 करोड़ 77 लाख का बजट खर्च हुआ।