ट्रैफिक नियमों की जानकारी एक-एक बच्चे के जहन तक पहुंचाने के लिए जिले भर के 1 दिन में 1022 शिक्षण संस्थानों के 1 लाख 58 हजार 252 विद्यार्थी यातायात नियमों के विषय पर आधारित परीक्षा देंगे। परीक्षा मंगलवार को स्कूल स्तर पर सुबह 11 बजे से लेकर 12 बजे तक 5 चरणों में होगी। डीएसपी ट्रैफिक नूपुर विश्नोई ने बताया कि प्रथम चरण की परीक्षा में 796 राजकीय स्कूल, 186 प्राइवेट स्कूल और 40 कालेजों से 1 लाख 58 हजार 252 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस परीक्षा के लिए जिलास्तर पर एक कमेटी का गठन किया गया है जिसमें एसएचओ ट्रैफिक, भेरियां राजकीय कालेज प्रोफेसर राम कुमार, मिर्जापुर स्कूल से शीशपाल, आरएसओ से लखविंद्र पाल ग्रेवाल व सेवानिवृत्त निरीक्षक प्रधान सिंह को शामिल किया गया है।