कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने कार चालक सहित तीन युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी चालक भूपेंद्र सिंह, कर्ण सिंह उर्फ कंप्यूटर निवासी माजरी मोहल्ला शाहाबाद व राहुल चड्ढा निवासी सुभाष नगर शाहाबाद को के कब्जे से 75 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक लाख रुपये से ज्यादा है।
एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम अनाज मंडी पिपली के पास गश्त कर रही थी तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि भूपें सिंह, कर्ण सिंह व राहुल स्मैक बेचने का धंधा करते हैं। आज भी तीनों स्मैक लेकर कार में दिल्ली से पिपली होते हुए शाहबाद जाएंगे। सूचना पर टीम ने एनएच-44 पर पिपली चौक के पास नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद मिली सूचना के अनुसार टीम को कार आती दिखाई दी, जिसे रुकवाकर टीम ने तीनों युवकों से पूछताछ की तथा उनकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1.10 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी कर्ण सिंह को तीन दिन के रिमांड पर लेकर अन्य दोनों आरोपी कारागार भेज दिए।