कुरुक्षेत्र। गत माह गांधी नगर में हुए सोमनाथ हत्याकांड मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस विक्रांत उर्फ विक्की, नवनीत उर्फ प्रिंस व अजय उर्फ छोटा उर्फ केसरा निवासी कीर्ति नगर समेत छह आरोपियों को पकड़ चुकी है। थाना कृष्णा गेट में 20 अप्रैल को दर्ज शिकायत में अमित निवासी कीर्ति नगर ने बताया था कि 20 अप्रैल की रात करीब साढ़े 10 बजे वह उसके ताऊ के घर जा रहा था। रास्ते में उस पर सन्नी, छोटा, अजय, विक्रांत नवनीत सहित लोगों ने रॉड, तलवार, चाकू व गंडासी से हमला कर दिया था। शोर सुनकर उसे बचाने आए उसके पिता सोमनाथ पर भी आरोपियों ने हथियारों से हमला कर दोनों को बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। सरकारी अस्पताल में उसके पिता को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए 23 अप्रैल को आरोपी महिला निवासी कीर्ति नगर को गिरफ्तार किया था। 28 अप्रैल को आरोपी अजय व अमित निवासी मोहन नगर को गिरफ्तार करके दो दिन के रिमांड पर लिया था। आगामी जांच में पुलिस ने आरोपी विक्रांत, नवनीत व अजय उर्फ छोटा को गिरफ्तार किया। आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई गंडासी, रॉड व डंडे बरामद किए गए। अदालत के आदेश से आरोपियों को कारागार भेज दिया है।