कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत तीन लोगों की जान चली गई। पहले हादसे में एक्सयूवी कार चालक ने ऑल्टो कार में टक्कर मार दी जिसमें दो जानें चली गई व दो लोग जख्मी हो गए। दूसरे हादसा उमरी-इंद्री मेन रोड पर हुआ। यहां कैंटर चालक ने साइकिल सवार एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। जिसमें उसकी जान चली गई।
पहले हादसे में नेशनल हाईवे 152 पर गांव ठोल बस अड्डे के पास तेज रफ्तार एक्सयूवी की टक्कर लगने से ऑल्टो कार सवार एक 10 साल के बच्चे और उसकी ताई की मौत हो गई। अक्षित अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। टक्कर लगते ही ऑल्टो सड़क के दूसरी तरफ पलट गई। इस हादसे में जीवन शर्मा (48) की भी मौत हो गई, जबकि उसका देवर पवन कुमार और देवरानी नीरू शर्मा भी जख्मी हुए। दोनों को उपचार के लिए आदेश अस्पताल शाहाबाद में भर्ती कराया गया है। वहीं नेशनल हाईवे-44 पर उमरी-इंद्री चौक के पास कैंटर की टक्कर लगने से साइकिल सवार हलवाई सिंगराम (60) निवासी डेरु माजरा की मौत हो गई।
थाना इस्माईलाबाद में दर्ज शिकायत में पवन कुमार निवासी बसंतपुर ने बताया कि वह अपनी पत्नी नीरू शर्मा, बेटे अक्षित, भाभी जीवन शर्मा के साथ अपने गांव से कार में सवार होकर मटहेड़ी जा रहा था। ठोल बस स्टैंड पर एनएच 152 को क्रॉस करने लगा तो इस्माईलाबाद की ओर से आए एक्सयूवी कार चालक ने सीधी टक्कर उसकी कार में मार दी, जिससे उसकी कार पलटकर दूसरी साइड में जा गिरी। इस हादसे में वह बुरी तरह से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने उनको कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया, मगर बीच रास्ते में उसकी भाभी जीवन शर्मा व बेटे अक्षित ने दम तोड़ दिया। उसे व उसकी पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दो मौत से गांव में मातम
परिवार में दो मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पूरा गांव परिवार को हौसला देने का प्रयास कर रहा है। वहीं इकलौते बेटे की मौत से उसके मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और गांव के लोग आरोपी को सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।
साइकिल सवार हलवाई को कैंटर ने मारी टक्कर
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में राजेंद्र कुमार ने कहा कि उसके पिता सिंगराम हुडा मार्केट में हलवाई की दुकान चला रहे थे। सोमवार शाम करीब पौने सात बजे वह घर जाने के लिए किसी साधन की तलाश में उमरी-इंद्री मेन रोड पर खड़ा था। उसके पिता सिंगराम अपनी साइकिल पर घर से उमरी में किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा में आ रहे कैंटर चालक ने उसके पिता की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसके पिता साइकिल सहित सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए। उसने तुरंत अपने पिता को संभाला और एंबुलेंस से जख्मी अवस्था में एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी
थानाध्यक्ष जगबीर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी एक्सयूवी चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों कार को भी कब्जे में लिया है। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश में जुटी है।
कुरुक्षेत्र। एक्सयूवी की टक्कर के बाद पलटी क्षतिग्रस्त ऑल्टो।