कुरुक्षेत्र। बिजली निगम के जिला कार्यालय में मंगलवार को खुला दरबार लगाया गया, जिसमें अधिकारी दोपहर दो बजे तक शिकायतकर्ता उपभोक्ताओं का इंतजार करते रहे। महज तीन उपभोक्ता शिकायत लेकर पहुंचे, जिनमें से ट्रांसफार्मर से संबंधित दो शिकायतों का मौके पर समाधान कर दिया गया जबकि एक शिकायत के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। निगम के अधीक्षक अभियंता एमजी जिंदल का कहना है कि उपभोक्ताओं के लिए शिकायत दर्ज कराने के लिए कई प्लेटफॉर्म है, जिसके चलते ही खुले दरबार में कम ही उपभोक्ता पहुंचते हैं। पिछली बार लगाए गए दरबार में भी तीन उपभोक्ता ही पहुंचे थे। हर स्तर पर प्रयास किए जाते हैं कि उपभोक्ताओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।