कुुुरुक्षेत्र। लोन दिलाने के नाम पर 24 लोगों से 32 हजार 640 रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को नामजद किया है। कृष्णा गेट पुलिस को दी गई शिकायत में कोलापुर गांव निवासी कंवलजीत कौर ने कहा कि अशोक कुमार और संजय कुमार ने बिशनगढ़ गांव निवासी धर्मबीर के कीर्ति नगर थानेसर स्थित मकान में अपना कार्यालय बनाया था। यहां अशोक और संजय कंपनी के जरिये लोन दिलाने का काम करते थे। आरोपियों ने 17 अप्रैल 2021 को उनके गांव में आकर लोन लेने वालों से संपर्क किया। उन्होंने लोन लेने वाले लोगों को आवेदन करने के लिए 20 अप्रैल को अपने कार्यालय बुलाया। जब लोग वहां पहुंचे तो आरोपियों ने दस्तावेज सहित प्रत्येक व्यक्ति से 1360 रुपये लिए। उस समय 24 लोगों ने लोन के लिए आवेदन किया था। आरोपियों ने अगले ही दिन लोन की रकम उनके अकाउंट में भेजने का आश्वासन दिया था। जब लोन की रकम खाते में नहीं आई तो उसने फोन किया मगर दोनों के फोन बंद मिले। बताया कि उनके कार्यालय पहुंची तो कार्यालय भी बंद था। आसपास के लोगों से पता चला कि आरोपी उनकी कॉलोनी से भी 28-30 लोगों से पैसे लेकर फरार हो गए हैं। उन्होंने मकान मालिक धर्मबीर से बातचीत करनी चाही तो उन्होंने कुछ भी बताने से मना कर दिया। आरोप है कि जब उन्होंने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने के लिए कहा तो मकान मालिक उन पर समझौते के लिए दबाव बनाने लगा। शिकायतकर्ता के अनुसार मकान मालिक भी आरोपियों से मिला है। इस पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को नामजद कर जांच शुरू कर दी है।