कुरुक्षेत्र। तीन सप्ताह पूर्व झांसा निवासी देवरानी और जेठानी के साथ छीना-झपटी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में जसप्रीत कौर, गौरव गिर व अजय निवासी पटियाला समेत चार आरोपियों को पकड़ चुकी है। आरोपी रास्ता पूछने के बहाने महिला के पास आकर रुके थे।
थाना सदर थानेसर में 15 अप्रैल को दर्ज शिकायत में महिला ने बताया था कि दोपहर करीब ढाई बजे वह अपनी देवरानी के साथ मारकंडा नदी के पास अपने खेत में लहसुन फाड़ रही थी। उसी समय बगैर नंबर की एक कार उनके खेत के पास रुकी, जिसमें तीन युवक व एक महिला उनके पास पिहोवा जाने का रास्ता पूछने लगे। बातों में उलझा कर आरोपी उन दोनों की बालियां निकाल कर कार में फरार हो गए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए 28 अप्रैल को आरोपी सोनू भारती निवासी शेखपुरा जिला पटियाला को गिरफ्तार करके पांच दिन के रिमांड पर लिया था। आगामी जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी सोनू भारती की निशानदेही पर मामले में शामिल जसप्रीत कौर, गौरव गिरव, अजय को हिमाचल प्रदेश से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। अदालत के आदेश से आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया है।