इस्माईलाबाद। पुलिस ने मारपीट करने, गंभीर चोट मारने और जान से मारने की धमकी देने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना इस्माईलाबाद पुलिस टीम ने इस मामले में राजीव, सतीश और अमनदीप वासी गंगहेडी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। 23 फरवरी को गुरसिमरन वासी गंगहेडी कुरुक्षेत्र ने थाना इस्माईलाबाद पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि वह 11वीं कक्षा का छात्र है। 22 फरवरी को वह अपने दोस्त के साथ गांव के पास आंगनबाड़ी में बैठा हुआ था। उसी समय एक मोटरसाइकिल पर गांव के तीन लड़के आए और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने विरोध किया तो लड़कों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। हमले के कारण उन्हें काफी चोटें आई थीं। परिजनों ने इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। थाना प्रभारी दिनेश चौहान ने बताया कि मामले की जांच एसआई राहुल को सौंपी गई थी।