संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल के क्षय एवं कुष्ठ रोग विभाग और आरटीपीसी लैब को निशाना बनाते हुए चोर दरवाजे का ताला और कुंडा तोड़कर लाखों रुपये का सामान चुराकर ले गए। चोर विभाग के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। टीबी विभाग से चोर सीबी नाट मशीन की छह बैटरी, इन्वर्टर की दो बैटरी, प्रिंटर, एडजस्ट फैन चुरा ले गए। यहां से चोर अलमारी का तोड़कर टीबी मरीजों को दिए जाने वाले प्रोटीन एक्स के पांच डिब्बों पर भी हाथ फेर दिया।
वहीं चोरों ने कोरोना की जांच करने वाली आरटीपीसी लैब का ताला भी तोड़ दिया। यहां से चोर लैब की टोंटियां और शावर चुराकर फरार हो गए। घटना देर रात की बताई जा रही है। सुबह विभाग के अधिकारी व कर्मी मौके पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला तो वारदात का खुलासा हुआ।
विभाग के अध्यक्ष डॉ. संदीप अग्रवाल ने मामले की सूचना केयूके पुलिस को दी। पुलिस ने सूचना पर मौका का मुआयना भी किया। थाना केयूके प्रबंधक देवेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। घटनास्थल से नमूने भी एकत्रित किए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
एलएनजेपी अस्पताल प्रशासन की ओर से अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस विभाग में भी कैमरे लगेहैं, मगर काफी दिनों से बंद हैं। इस ओर अस्पताल प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है, जबकि अस्पताल में कई बार चोरी की वारदात हो चुकी है।