शाहाबाद। चोरों ने अलग-अलग जगहों पर एक दुकान, स्कूल व आंगनबाड़ी को निशाना बनाते हुए तीन वारदात को अंजाम दिया और हजारों की नकदी व सामान उड़ा ले गए।
पहली वारदात में गांव नलवी निवासी दुकानदार देवीदयाल ने कहा कि उसकी दुकान मेन रोड के ऊपर स्थित है जिसमें किराना व मनियारी का सामान है। हर रोज की तरह गत रात को उसने अपनी दुकान बंद की थी और जब वह सुबह वापस अपनी दुकान पर गया तो ताला व शटर टूटा हुआ मिला। जांच करने पर पाया कि नए नोटों के हार लगभग 12 हजार रुपये, नए नोट 12 हजार रुपये, गल्ले का कैश पांच हजार रुपये, 20-22 हजार रुपये की बीड़ियां व सिगरेट, पांच हजार रुपये का गुटका, पांच हजार रुपये का घी, चार हजार रुपये का रिफाइंड, तीन हजार रुपये का तेल सरसों, सात हजार रुपये का पूजा का घी व तेल सहित चाय पत्ती, सैंट, नमकीन, मिठाई, व्रत का सामान, आलआउट रिफिल, चीनी व सर्फ के सामान सहित अन्य सामान चोरी हो गया है।
आंगनबाड़ी और सरकारी स्कूल के ताले तोड़कर सामान चोरी
चोरों ने गांव मोहनपुर में स्थित आंगनबाड़ी और सरकारी स्कूल को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया है। गांव मोहनपुर निवासी कमला ने कहा कि वह आंगनबाड़ी मोहनपुर में कार्य करती है। छुट्टी के बाद वह आंगनबाड़ी को ताला लगाकर अपने घर चली गई थी और जब अगले दिन प्रात: आंगनबाड़ी में आई तो रसोई का ताला टूटा हुआ था और वहां से दो सिलिंडर, गैस चूल्हा, बड़ा पतीला व 50 किलो चावल का ड्रम गायब था। प्राइमरी स्कूल मोहनपुर की इंचार्ज ममता ने भी बताया कि रात को स्कूल से एक इनवर्टर बैटरी चोरी किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।