पुरानी सब्जी मंडी के पास से चोर एक ज्वेलर्स की दुकान से तिजोरी में रखा 15 तोले सोना चुराकर फरार हो गए। चोर दुकान से सटे खाली मकान की छत से दुकान में दाखिल हुए थे। घटना शनिवार रात साढ़े 12 बजे की है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जाते हुए चोरों ने सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। चोरों ने दुकान में रखी दूसरी तिजोरी को वेल्डिंग से काटने का प्रयास भी किया। सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयना करके शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं विधायक सुभाष सुधा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया तथा खेद व्यक्त किया।
थाना कृष्णा गेट पुलिस को दी अपनी शिकायत में सुदर्शन सहगल वासी थानेसर ने बताया कि उसकी पुरानी सब्जी में हनुमान मंदिर के पीछे ज्वैलर्स की दुकान है। शनिवार रात वह अपनी दुकान व तिजोरियों को बंद करके घर चला गया था। अगली सुबह वह दुकान पर पहुंचा तो एक तिजोरी का लॉक टूटा हुआ था। तिजोरी से करीब 15 तोले सोना चोरी हो गया था। चोरों ने दुकान में रखी दूसरी अलमारी का लॉक वेल्डिंग से काटने का प्रयास भी किया। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों भी तोड़ दिए। सीसीटीवी फुटेज से जानकारी मिली कि चोर दुकान के पीछे खाली पड़े मकान से दुकान में घुसे थे। दुकान का पीछे का एक दरवाजा मकान में खुलता है। इसी रास्ते से चोर दुकान में घुसे थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।