कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में चोरों के हौसले बुलंद बने हुए हैं। दो दिन में चोरों ने रेलवे कर्मी समेत चार जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। इन स्थानों से चोर सोने-चांदी के जेवर समेत नकदी और कीमती सामान चोरी कर ले गए। जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में रोष बना हुआ है। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य एकत्रित किए और चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस एक-
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में माया देवी निवासी रेलवे क्वार्टर ने बताया कि वह डोडा खेड़ी रेलवे स्टेशन पर तैनात है। शनिवार को उसकी ड्यूटी सुबह से लेकर शाम आठ बजे तक थी। वह अपने क्वार्टर का ताला लगाकर गई थी। शाम करीब सवा आठ बजे अपने क्वार्टर पहुंची तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पाया तो चोर उसकी साढ़े तीन ग्राम की सोने की अंगूठी, चांदी की चेन, चांदी की चार अंगूठियां, नथुनी और आठ हजार रुपये नकद चुरा ले गए थे।
केस दो
थाना सदर थानेसर में दर्ज दूसरे मामले में रामकरण निवासी बीड़ मथाना ने बताया कि उसकी शिवदेव कॉलोनी में किराने की दुकान है। दुकान के पीछे बनी गैलरी में उसका जनरेटर रखा है। शुक्रवार को किसी ने उसके जनरेटर का अल्टरनेटर चोरी कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में विक्रम रात के समय गली में घूम रहा था। आशंका है कि उसने चोरी को अंजाम दिया है। वहीं तीसरे मामले में कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में मदन शर्मा निवासी गोविंद माजरा ने बताया कि उसने झासा रोड पर एक मकान में बिजली का काम करने का ठेका लिया हुआ है। बिजली का सारा सामान मकान में पड़ा था। रात को चोर मकान से बिजली के तार के 28 बंडल चोरी कर भाग गए।
केस-तीन
जन्मदिन से लौटा परिवार तो उड़े होश
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में राकेश कुमार निवासी दीदार नगर ने बताया कि वह रात को अपने भाई पवन कुमार के पोते के जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए परिवार के साथ घर के मुख्य गेट में ताला लगाकर सेक्टर-सात के होटल में गया था। रात करीब दो बजे लौटे तो ताला टूटा पड़ा था। चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात समेत 15 हजार रुपये नकद चुराकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने सभी मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।