कुरुक्षेत्र। चनारथन रोड स्थित आकाश नगर में प्राथमिक शिक्षक के सुने घर को चोरों ने निशाना बना लिया और करीब डेढ़ लाख की नकदी व करीब 10 लाख रुपये के जेवरात ले उड़े। चोरों ने काफी समय तक घर में बिताया और हर कमरे की गहनता से तलाशी ली। यहां तक कि बच्चों के रखे तीन प्लास्टिक के गुल्लक भी चूल्हे पर चाकू गर्म कर काट लिए और उनमें से भी हजारों की नकदी निकाल ले गए। शिक्षक सत्यवान ने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने के चलते वे गत शनिवार को दवा लेने के लिए करनाल चले गए। जहां से पत्नी व बच्चे अपने मायके चले गए तो वह भी अपने पैतृक गांव डोड कारसा चला गया। वहीं से ही चार दिन तक स्कूल में डयूटी भी करता रहा। वीरवार को जब वे लौटे तो घर के मुख्य गेट पर ताला लगा था जबकि अंदर के सभी ताले टूटे मिले तो सामान बिखरा था। जांच की तो घर से उक्त नकदी व जेवरात गायब मिले। चोरों ने असल जेवरात के साथ ही रखे कुछ नकली जेवरात वहीं पर छोड़ दिए जबकि असल ले गए। यह देख वे हैरान रह गए तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है तो आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाले, जिसमें 13 अप्रैल को सुबह करीब सवा तीन बजे दो संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं तो एक सफेद रंग की गाड़ी भी दिखाई दी है। इससे पहले एक व्यक्ति घर के गेट पर दो बार आता दिखाई दे रहा है। आशंका है कि इन्होंने ही वारदात को अंजाम दिया है।