कुरुक्षेत्र/पिपली। एंटी नारकोटिक सैल ने राजस्थान से ट्रक में छिपाकर चूरापोस्त सप्लाई किए जाने का भंडाफोड़ किया है। दो आरोपी भी गिरफ्त में लिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक सूचना मिली कि राहुल शर्मा व कुलदीप वासी सोलन, हिमाचल प्रदेश सोलन से ही ट्रक में माल लोड कर महाराष्ट्र लेकर जाते हैं। जहां से लौटते समय राजस्थान से चूरापोस्त ट्रक में छिपाकर लाते हैं। रविवार अल सुबह फिर वे ट्रक में चूरापोस्त छिपाकर दिल्ली चंडीगढ़ नेशनल हाईवे से लौट रहे हैं। सूचना के बाद टीम ने पिपली के समीप ट्रक को पकड़ा तो तलाशी भी ली, जिस दौरान चार किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। इस दौरान उक्त दोनों आरोपियों को भी गिरफ्त में ले लिया गया, जिनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।