कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी के थीम पार्क में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन आशीर्वाद रैली में बच्चों, बुजुर्गों से लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। सुरक्षा के मजबूत इंतजाम होने के कारण कार्यकर्ता कई किलोमीटर पैदल चलकर रैली स्थल तक पहुंचे। ढाई घंटे के इंतजार के बाद प्रधानमंत्री मंच पर आए तो पंडाल मोदी और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
उधर, रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। रैली स्थल से लेकर दो किलोमीटर के इलाके में पुलिस ने 70 से नाके लगाए हुए थे। बाहरी स्तर पर आठ एसपी, 20 डीएसपी समेत पुलिस की आठ कंपनियां कमान संभाले हुए थीं। दोपहर तीन बजकर 53 मिनट पर जैसे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर प्रधानमंत्री मोदी हेलिकॉप्टर से नीचे उतरे तो पुलिस ने एनआईटी से लेकर रैली स्थल तक का करीब ढाई किमी. का इलाका सील कर दिया। 29 मिनट के बाद मोदी रैली में पहुंचे तो यातायात दोबारा शुरू किया गया।
सुरक्षा को देखते हुए थर्ड गेट से लेकर गुरुद्वारा पातशाही छठी तक किसी को रेहड़ी व फड़ी लगाने की इजाजत नहीं दी गई। इसके अतिरिक्त अधिकतर दुकानें भी बंद ही रहीं। हालांकि पिपली-थर्ड गेट मार्ग से यातायात की आवाजाही चलती रही, मगर चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा लगा हुआ था। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भी पुलिसकर्मी के साथ विशेष दस्ते को तैनात किया गया था। यहां पर किसी को भी वाहन पार्किंग नहीं करने दिया गया। सादे लिबास में सुरक्षा बल के जवान अस्पताल में हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थे। यहां तक कि अस्पताल की इमरजेंसी में भी पुलिस के जवान बैठे हुए थे ताकि आपात स्थिति में मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।
पैदल किया सफर तय
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने पहले ही यातायात के लिए रूट डायवर्ट कर दिया था। नाकाबंदी के कारण सहकारी व सरकारी बसें भी दूसरे रूट से होकर चलती रहीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बस चालक ने यात्रियों को निर्धारित बस स्टॉप की जगह इधर-उधर उतार दिया। इस कारण उनको पैदल ही अपना रास्ता नापना पड़ा, क्योंकि सुरक्षा के लिहाज से पहले ही ई-रिक्शा और ऑटो इस रूट पर नहीं चल रहे थे। हालांकि दोपहर दो बजे तक इस रूट पर आवाजाही चलती रही।
घोड़ा दल करता रहा गश्त
रैली स्थल और आसपास नजर रखने के लिए घोड़ा गश्त दल को तैनात किया गया था। रैली के दौरान घोड़ा दल इलाके में गश्त करता रहा साथ ही दुरबीन के साथ दूर तक नजर रखे हुए था। हालांकि इस दौरान पुलिस की कई टीमें गश्त करती रहीं। मेटल डिटेक्टर से गुजरने के बावजूद तलाशी और जांच-पड़ताल के बाद ही रैली में जाने दिया गया।
रैली के बाद लगा जाम
रैली समापन के बाद धर्मनगरी की सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। रैली स्थल के पास ताऊ देवी लाल चौक से विश्वकर्मा चौक तक लंबा जाम लग गया। जाम खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट गए। बाद में पुलिस ने रेलवे रोड और आंबेडकर चौक से रेलवे रोड की ओर रूट डायवर्ट कर जाम खुलवाने का प्रयास किया।
रैली को लेकर दिखा जोश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी जोश था। सुबह 10 बजे से ही कार्यकर्ता रैली स्थल पर जमा होने लगे थे। चार बजे तक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी का इंतजार करते रहे। जैसे ही कार्यकर्ताओं को मोदी के आने भनक लगी तो रैली स्थल मोदी व भारत माता की जय के नारों से गूंजने लगा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों में मोदी को लेकर उत्साह दिखाई दिया।