पिपली/कुरुक्षेत्र। उमरी गांव में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। मृतक की शिनाख्त रवि 30 निवासी उमरी के रूप में हुई। मृतक के सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना सदर में दर्ज शिकायत में लक्की ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसका पति रवि कुमार दिहाड़ी मजदूरी करता था। उसके पति ने पंकज, यशपाल व नीतीश से ब्याज पर पैसे ले रखे थे। ब्याज पर पैसे लेने के बाद उसका पति रोजाना सही समय पर किस्त भरता था लेकिन उसके पति का काम न होने के कारण वह समय पर किस्त नहीं भर पा रहा था। इस कारण तीनों ने ब्याज पर ब्याज लगाना शुरू कर दिया और मूल रकम तीन गुना बना दी। फिर भी आरोपी उसके घर पर आकर उसके पति के साथ गाली गलौज और मारपीट करते थे। आरोपियों ने पैसा न देने पर उसके घर पर कब्जा करने की धमकी दी थी। इस वजह से उसका पति मानसिक तनाव में रहने लगा। रात करीब ढाई बजे उसने अपने पति की आवाज सुनी और देखा कि वह उल्टियां कर रहा था। इस दौरान पूछने पर पति ने उसे बताया कि उसने तीनों आरोपियों से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया है। वह परिजनों के साथ उसे सरकारी अस्पताल में ले गई, जहां से उसके पति की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे कल्पना चावला अस्पताल करनाल में रेफर कर दिया। मगर वहां उसके पति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बाद में घर पर जांच के दौरान उसके पति की डायरी से तीनों के खिलाफ एक सुसाइड नोट लिखा मिला। इसमें उसने लिखा था कि उसकी मौत का जिम्मेवार उक्त तीनों व्यक्ति है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।