हरियाणा कला परिषद के कला कीर्ति भवन में राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता शुक्रवार को शुरू हुई। चित्रकला प्रतियोगिता के पहले पड़ाव में प्रदेश के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा सरकार की जनहित में जारी योजनाओं पर आधारित चित्र बनाकर प्रतियोगिता में प्रतिभागिता दिखाई गई। कला कीर्ति भवन में आयोजित प्रतियोगिता का एडीसी अखिल पिलानी ने शुभारंभ किया। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी कुरुक्षेत्र अरुण आश्री, उप जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक व विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय भसीन ने बताया कि हरियाणा के विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के शिक्षा एवं संस्कृति मंत्री कंवरपाल गुर्जर के निर्देश मिलने पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी अतिरिक्त निदेशक गजेंद्र फोगाट द्वारा निभाई जा रही है। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। वहीं गजेंद्र फौगाट ने भी प्रतियोगिता की जानकारी साझा करते हुए संपूर्ण रूपरेखा पर प्रकाश डाला। जिसमें प्रदेश के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के 9 से 12 कक्षा के बच्चों द्वारा 1 अक्तूबर को चित्र बनाए गए। इसके बाद 6 अक्टूबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी। जिला से विजेता प्रतिभागी मंडल व राज्य स्तर पर अपनी किस्मत आजमाएंगे। प्रत्येक स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा श्रेष्ठ चित्रों को अपने अपने खंड शिक्षा अधिकारियों को भेजा जाएगा। संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी उन सभी चित्रों में से 20 सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग अपने जिला शिक्षा अधिकारी को भिजवा देंगे। जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने जिला से कुल 25 सर्वश्रेष्ठ चित्रों को हरियाणा कला परिषद के मंडल स्तरीय कार्यालय में मंडल स्तर की प्रतियोगिता के लिए भिजवाया जाएगा। जिला स्तर पर 6 अक्तूबर को चित्रों का चयन कर विजेता प्रतिभागी चुने जायेगे, जिन्हें हरियाणा कला परिषद की ओर से प्रशस्ति पत्र तथा नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इतना ही नहीं मंडल स्तर पर प्रत्येक जिला से प्राप्त चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें से हरियाणा कला परिषद के निर्णायक सदस्यों द्वारा मंडल स्तर पर 10 प्रतिभागियों को राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। जिन्हें 2100 रुपये प्रति विजेता पुरस्कार राशि दी जाएगी। मंडल स्तर के बाद कला कीर्ति भवन कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हरियाणा के प्रत्येक मंडल से कुल 40 विजेता प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जिनमें से 5 राज्य स्तरीय विजेताओं को चुन कर 11000 रुपये प्रति विजेता पुरस्कार राशि, स्मृति चिह्न तथा प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा वहीं 5 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।