कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति वैद्य करतार सिंह धीमान ने नवनिर्मित कैफेटेरिया का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ चाय पर चर्चा की। कुलपति ने उनकी शंकाओं और जिज्ञासाओं को सुना तथा समाधान किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि विवि प्रशासन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं देने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कैफेटेरिया का शुभारंभ विवि में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए सुविधाजनक खान-पान व आपसी संवाद का बेहतर स्थान बनेगा। इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणधीर सिंह सहित कई शिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे।