शाहाबाद। सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करते विधायक रामकरण काला।
शाहाबाद। हरियाणा शुगरफेड के चेयरमैन व विधायक रामकरण ने बुधवार को शाहाबाद के गांव अढोनी से धुराला तक की सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। सड़क के निर्माण पर 96 लाख की राशि खर्च की जाएगी और निर्माण के साथ-साथ सड़क का चौड़ीकरण 18 फीट तक किया जाएगा। विधायक ने कहा कि यह गांव वासियों की चिरलंबित मांग है। गांववासियों के मुताबिक कई वर्षों से इस सड़क की सुध नहीं ली गई, जिस कारण ग्रामीण परेशान थे। इस सड़क से ग्रामीणों का निकलना भी मुश्किल था। जिस पर गांव अढोनी निवासियों ने इस सड़क के निर्माण की मांग उनके समक्ष रखी। ग्रामीणों की इस मांग पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने पीडब्ल्यूडी की इस सड़क का टेंडर पास करवाया और आज निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
विधायक ने कहा कि बाढ़ के कारण टूटी हुई सड़कों के सभी टेंंडर हो चुके हैं और एक-एक करके सभी सड़कों का निर्माण शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को थोड़ा संयम रखना होगा क्योंकि एक साथ सभी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सकता। जैसे-जैसे लेबर की व्यवस्था होती रहेगी, काम शुरू होता रहेगा। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण के लिए जनता को ज्यादा प्रतीक्षा नहीं करनी होगी। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अमित कुमार, सरपंच परमजीत सिंह, जयभगवान, प्रवीन कुमार, नपा प्रधान गुलशन कवात्तरा, विधायक के राजनीतिक सचिव विष्णु भगवान गुप्ता, जजपा के हलकाध्यक्ष जगबीर मोहड़ी, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान सुखदीप मोहड़ी, जिप सदस्य कंवरपाल, हरबंस सिंह, कुशल शर्मा सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। संवाद