कुरुक्षेत्र। सीसीटीवी में दिखाई दे रहा पर्स चुराने का आरोपी।
लाडवा। सामान लेने के बहाने दुकान में घुसे चोर ने दुकानदार का पर्स चुरा लिया। उसके पर्स में 40 हजार रुपये थे। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कुछ दिन पहले इसी तरह कुरुक्षेत्र में भी एक चोर ने दूध की डेयरी से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
थाना लाडवा में दर्ज शिकायत में राजकुमार निवासी लाडवा ने बताया कि उसकी मेन बाजार में गिफ्ट की दुकान है। सुबह वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति दुकान पर बाल्टी खरीदने के लिए आया। उसने बाल्टी पसंद करके उसे 500 रुपये का नोट दिया। बाल्टी के पैसे काटकर वह उसे बकाया देने लगा तो उसने उससे एक और बाल्टी खरीदने की मांग कर दी। जल्दबाजी में वह अपना पर्स काउंटर पर रखकर बाल्टी लेने दुकान में अंदर चला गया। इसी दौरान वह व्यक्ति काउंटर पर रखा उसका पर्स चुराकर अपनी बाइक पर फरार हो गया। उसके पर्स में करीब 40 हजार रुपये थे। उसने तुरंत डायल-112 पुलिस को सूचना दी। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। आरोपी बगैर नंबर की बाइक पर आया था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।