इस्माईलाबाद। कार की टक्कर से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बलबीर सिंह वासी नैसी ने थाना में दी शिकायत में बताया कि तीन मार्च को वह अपने निजी काम से बस अड्डा जलबेहड़ा पर आया हुआ था। उसके भाई टहल सिंह की इस्माईलाबाद में बिजली के सामान की दुकान है। सायं करीब 7.30 बजे एक कार चालक अंबाला की तरफ से आया और उसने एक बाइक को सीधी टक्कर मार दी। अंधेरे का फायदा उठा कर कार चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना को देख जब वह मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि उसका भाई टहल सिंह अपनी बाइक सहित सड़क पर पड़ा है। आसपास के लोगों की मदद से वह अपने घायल भाई को सरकारी अस्पताल पिहोवा में लेकर गया जहां पर डाॅक्टरों ने मरहम पट्टी के बाद उसके भाई को नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र के लिए रेफर कर दिया। उन्होंने टहल सिंह को एक निजी अस्पताल में दाखिल करा दिया जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। संवाद