कुरुक्षेत्र। मोटरसाइकिलों से लोड एक ट्रक शहर के सबसे व्यस्त रोड पर छीनकर बदमाश फरार हो गए। अभी पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है। धर्मवीर निवासी गांव चैतावास जिला चरखी दादरी ने बताया कि वह आर साई लॅजिस्टिक इंडिया कंपनी में बतौर मैनेजर है। उनकी कंपनी का एक ट्रक 12 दिसंबर को हीरो प्लांट हरिद्वार से 50 मोटरसाईकिल से लोड होकर ऐलनाबाद जिला सिरसा के लिए रवाना हुआ था।
16 दिसंबर को सुबह ट्रक चालक भोजराम निवासी ग्राम वासदान जिला आगरा ने फोन किया और बताया कि वह गत देर शाम करीब सात बजे कुरुक्षेत्र के थीम पार्क के पास पहुंचा था। जहां उसने ट्रक रोका और टायरों की हवा आदि की जांच करने लगा। इसी दौरान अचानक दो व्यक्ति आए और एक ने उसे पकड़ लिया तो दूसरे ने पहले से ही स्टार्ट ट्रक को चलाना शुरू कर दिया। बाद में दूसरा व्यक्ति भी उसे धक्का देकर ट्रक में सवार हो गया। इसके बाद दोनों ट्रक लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं लग पाया।