कुरुक्षेत्र। बारवा गांव के व्यक्ति से छीना-झपटी के मामले में जांच अधिकारी पर गाज गिरी है। इस मामले में कार्रवाई न होने खफा पीड़ित ने गृह मंत्री अनिल विज के समक्ष पेश होकर शिकायत रखी। मामले में अनिल विज ने पुलिस अधीक्षक को जांच अधिकारी पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बारवा निवासी व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि कुछ महीने पहले वह कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में इलाज कराने आया था। इस बीच रास्ते में तीन लोगों ने उसके साथ मारपीट करके उससे नकदी और बाइक छीन ली थी। इन आरोपियों में से दो को वह पहचानता भी है। मामले की शिकायत उसने घटना के दिन ही थाना केयूके में दी थी। आरोप लगाया कि उसकी शिकायत की जांच कर रहा एसआई उसे मामला दर्ज करने का केवल झांसा देता रहा। कई बार गुहार लगाने के बाद भी आज तक मामला दर्ज नहीं किया गया। इस पर गृह मंत्री ने संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक को उस एसआई पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
होगी उचित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि यह मामला उनकी जानकारी में आया है। जांच अधिकारी एसआई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच कराकर पीड़ित को भी न्याय दिया जाएगा।