कुरुक्षेत्र। श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में रविवार को मार्गशीर्ष की कृष्ण पक्ष की पंचमी पर गीता पाठ में महंत जगन्नाथ पुरी ने मनुष्य जीवन के अस्तित्व एवं मनुष्य जीवन के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि धरती पर अनेक जीवों का जन्म हुआ है लेकिन मनुष्य जीवन का ही विशेष महत्व है। गीता में भगवान श्री कृष्ण ने मनुष्य जीवन को विस्तार से बताया है। भगवान श्रीकृष्ण ने मनुष्य जीवन के कारणों के साथ उद्देश्यों का भी उल्लेख किया है। मनुष्य जीवन को इस धरती पर व्यर्थ नहीं करना है।महंत ने कहा कि मार्गशीर्ष महीने में भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करने से व्यक्ति के पाप नष्ट होते हैं और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। मनुष्य को निष्काम कर्म करने चाहिए। मनुष्य को फल की इच्छा छोड़कर नि:स्वार्थ भाव से अपना कर्म करना चाहिए। संवाद