कुरुक्षेत्र। शिविर में मरीज का एक्स-रे करते कर्मचारी। संवाद
कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर के तट पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में लोग बीमारी की जांच कराने पहुंच रहे हैं। अभी तक शिविर में 139 से ज्यादा लोगों की टीबी संबंधी जांच के लिए एक्स-रे हुए हैं। एक्स-रे में सभी मरीजों की रिपोर्ट सामान्य आई है। शिविर में रोजाना 20 से 25 लोग जांच कराने पहुंच रहे हैं। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. संदीप अग्रवाल ने बताया कि गीता जयंती महोत्सव पर विभाग की तरफ से नि:शुल्क जांच शिविर लगाया गया है। इसमें लोग जांच कराने पहुंच रहे हैं। सरकार की तरफ से प्रदेशभर को टीबी मुक्त करने की मुहिम चलाई गई है। सितंबर माह में 1452 मरीजों की जांच हुई है। अभी तक जिलेभर में करीब एक हजार लोग टीबी की बीमारी से पीड़ित हैं। डॉ. संदीप ने बताया कि जिन मरीजों में टीबी की पुष्टि होती है, उनका एमडीआर टेस्ट किया जाएगा। टेस्ट की रिपोर्ट के आधार पर मरीजों की दवा शुरू की जाती है।
कुरुक्षेत्र। शिविर में मरीज का एक्स-रे करते कर्मचारी। संवाद