कुरुक्षेत्र। शातिर ठगों ने एक दंपती को नकली सोना थमाकर साढ़े आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपी पिछले एक साल से दंपती को सोना बेचने के लिए बरगला रहे थे। यहां तक कि आरोपियों ने असली सोने का एक टुकड़ा भी जांच के लिए उन्हें दिया था ताकि दंपती को उन पर विश्वास हो जाए।
थाना केयूके पुलिस में दर्ज शिकायत में बिरला मंदिर कॉलोनी निवासी सुमन देवी ने कहा कि उनकी कपड़े की दुकान है। पिछले करीब एक साल से उनकी दुकान पर हुकमा और उसका भाई-बहन का आना-जाना था। यह लोग फरवरी में उनकी दुकान पर आए थे। आरोपी ने उसके पति को बताया था कि वह लोग कुरुक्षेत्र के एक ठेकेदार के साथ काम करते हैं। उन्होंने पिपली में एक पुराने मकान को तोड़ा था। उस मकान के अंदर से एक किलोग्राम सोना निकला था। वह इस सोने को ठेकेदार से चोरी छिपे बेचना चाहते हैं, मगर उसके पति ने सोना खरीद से इंकार कर दिया था। उसके बाद भी वह बार-बार उन्हें सोना खरीदने के लिए कहते रहे।
उन्होंने सोने का एक टुकड़ा जांच कराने के लिए भी दिया। उसने दो ज्वैलर्स से उस सोने की जांच कराई तो यह सोने का टुकड़ा असली पाया गया, जिसके बाद वह सोना खरीदने को तैयार हो गए। आरोपी हुकमा, उसकी बहन व उसके भाई ने उन्हें सोना लेने के लिए कैथल बुलाया। वहां से आरोपियों ने कहा कि ठेकेदार को भनक लग गई है। इसलिए वह जल्दी से सोना लेकर उन्हें रकम दें। आरोपियों ने कहा कि उन्होंने सोने की जांच करा ली है और वह उनके साथ कुरुक्षेत्र आकर रकम ले जाएंगे। विश्वास करके वह उन लोगों को अपनी दुकान पर ले आए और आरोपी उन्हें नकली सोना देकर साढ़े लाख रुपये लेकर चले गए। उन्होंने कई दिन बाद इस सोने की जांच कराई तो यह सोना नकली निकला। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना केयूके प्रभारी राजपाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।