कुरुक्षेत्र। पिहोवा बस अड्डा। संवाद
पिहोवा। पिहोवा बस अड्डा अगले कुछ माह में नए स्वरूप में दिखाई देगा। यहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल पाएंगी। इसके लिए एक करोड़ 64 लाख रुपये का बजट खर्च किए जाएगा। विभाग की ओर से कार्य को लेकर निविदा प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है तो वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों में ही यह कार्य शुरू होगा।
जहां बस अड्डे की टूटी हुई दीवारों को दुरुस्त किया जाएगा तो वहीं शौचालयों के साथ-साथ कई अन्य सुविधाओं को भी दुरुस्त करने की योजना रोडवेज विभाग की ओर से बनाई गई है, जिससे बेहतर सुविधाओं का फायदा यात्रियों को मिल सकेगा। हिसार-अंबाला नेशनल हाईवे 152 पर पड़ने वाले इस बस अड्डे पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आने वाले यात्री रोजाना पंजाब और चंडीगढ़ और हिमाचल के लिए सफर करते। जबकि पंजाब के कई शहरों को जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है। पिछले अनेक वर्षों से इस बस अड्डे की सुध नहीं ली गई थी, जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा था। बदहाल हो चुके बस अड्डे के नवीनीकरण की योजना अब सिरे चढ़ पाई है।
बस अड्डे का होगा सुंदरीकरण : शेर सिंह
रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह का कहना है कि पिहोवा बस अड्डे के सुंदरीकरण के लिए रोडवेज निदेशालय से एक करोड़ 64 लाख रुपये का बजट पास हुआ है, जिसके चलते जल्द ही बस अड्डे के सुंदरीकरण का काम शुरू होगा। बस अड्डे में शौचालयों और दीवारों की मरम्मत कराई जाएगी, इसके लिए संबंधित कंपनी को टेंडर भी दिया गया है और जल्द कार्य शुरू कर दिया जाएगा।